सकलडीहा में 25 और 26 नवंबर को 24वीं जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित होगा। आवाजापुर स्थित कैप्टन विजय प्रताप सिंह पीजी कॉलेज में होने वाले आयोजन के लिए खेल मैदान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
सकलडीहा। बेसिक शिक्षा विभाग सकलडीहा के नेतृत्व में जनपद स्तरीय 24वीं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन आगामी 25 एवं 26 नवंबर को कैप्टन विजय प्रताप सिंह पीजी कॉलेज, आवाजापुर में होगा। दो दिवसीय आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सकलडीहा ब्लॉक के खेल शिक्षक एवं आयोजन से जुड़े शिक्षक मैदान को तैयार करने में जुटे हुए हैं। प्रतियोगिता के तहत ट्रैक एंड फील्ड तैयार करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। खिलाड़ियों की सुविधा और खेल प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए मैदान को व्यवस्थित एवं खेल के अनुकूल बनाया जा रहा है।
ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा विशेष प्रदर्शन, राष्ट्रीय एकांकी, लोकगीत एवं लोकनृत्य, समूहगान और अंत्याक्षरी जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ग्राउंड की तैयारी में अशोक सिंह, जे.पी. रावत, राजेंद्र सिंह यादव, अरुण रत्नाकर, नवीन सिंह, अश्वनी सिंह, विनोद कुमार, प्रशांत कुमार पाण्डेय, रामप्रताप सहित अन्य शिक्षक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन को लेकर शिक्षकों में उत्साह है और प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।