चंदौली मुख्यालय स्थित बालिका इंटर कॉलेज के पास तेज हवा से पीपल का पेड़ 11 KV लाइन पर गिर गया। बबुरी रोड समेत कई वार्डों में बिजली ठप्प, मरम्मत कार्य जारी।
चंदौली। नगर के जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के समीप सर्विस रोड पर अचानक तेज हवाओं के झोंके से पीपल के पेड़ की एक विशाल शाखा टूट कर 11 KV (हजार) की मुख्य विद्युत लाइन पर गिर गई। हादसे में बिजली के तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर आ गिरे। तार गिरते ही बबुरी रोड समेत आसपास के कई वार्डों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई।
पेड़ की शाखा इतनी भारी थी कि सड़क किनारे स्थित एक दुकान भी इसकी जद में आकर आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग हरकत में आया और सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र की बिजली बंद कराई गई। लाइनमैन और विभागीय कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए हैं। क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और पीपल के पेड़ की शाखाओं को हटाकर सड़क साफ करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि लाइनमैन मुस्तैदी के साथ काम में लगे हुए हैं और बहुत जल्द तारों की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी। खबर लिखे जाने तक हालांकि आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी, लेकिन विभागीय तत्परता को देखते हुए उम्मीद है कि जल्द ही विद्युत सेवा पुन: सुचारू कर दी जाएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।