राजकीय हाईस्कूल खुरुहुजा में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के तहत जनपद स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जूनियर वर्ग से तीन और सीनियर वर्ग से दो टीमों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
चंदौली। बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय हाईस्कूल खुरुहुजा में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के अंतर्गत जनपद स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान के नए विचार प्रस्तुत किए।

राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय "सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार" रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना तथा उन्हें अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक तरीके से समझने और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना रहा।
परियोजना प्रस्तुतीकरण के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग, सामाजिक समस्याओं के समाधान और सतत विकास में विज्ञान की भूमिका से जुड़े विभिन्न मॉडल एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट के वैज्ञानिक आधार, उपयोगिता, मौलिकता और नवाचार के पहलुओं का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए सीनियर वर्ग से दो टीमों और जूनियर वर्ग से तीन टीमों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल पांच टीमों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय हाईस्कूल खुरुहुजा के प्रधानाचार्य श्री रिंकू, जिला समन्वयक देवानन्द यादव, जिला एकेडमिक समन्वयक माधव प्रताप सिंह, एसआरजी श्रीमती अनीता कुमारी, श्रीमती पद्मश्री, एआरपी श्रीमती वंदना वर्मा, श्रीमती इंदु श्रीवास्तव, श्रीमती आयुषी तिवारी सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं को वैज्ञानिक प्रयोगों में बदलने और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह आयोजन बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही विज्ञान को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर दैनिक जीवन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। बाल वैज्ञानिकों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और नवाचार की भावना निश्चित रूप से विकसित भारत और सतत विकास के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी।