सकलडीहा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए आगामी तीन दिनों तक केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग की टीम (सीआरएम) विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करेगी। इसी को लेकर शनिवार को अपर निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण डॉ. दिग्विजय सिंह ने सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय यादव के साथ सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके साथ ही एक्सरे कक्ष, आरबीएसके टीम, पैथोलॉजी, ब्लड स्टोरेज सेंटर, ऑपरेशन थिएटर और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

अपर निदेशक डॉ. दिग्विजय सिंह ने सभी चिकित्साधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि केंद्रीय टीम के निरीक्षण के दौरान सभी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। रविवार सहित अगले तीन दिनों तक स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को अस्पताल में 48 घंटे तक समुचित देखभाल, भोजन और जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) की धनराशि का समय से भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर आरोग्य केंद्रों तक मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। सीएचओ और एएनएम की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अंत में अपर निदेशक ने चिकित्साधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर सीएमओ डॉ. परितोष मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीके प्रसाद, डॉ. एलबी शर्मा, एचईओ रजनीकांत राय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।