चंदौली। रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। इसी मानवीय सोच को चरितार्थ करते हुए जन सहयोग संस्थान के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश की है।

अजीत कुमार सोनी ने अपने पैतृक क्षेत्र बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में ग्राम कुर्मी, प्रखंड ओबरा निवासी संदीप कुमार की मदद के लिए अपना 31वां रक्तदान किया। उनका यह कदम न केवल जरूरतमंद की सहायता के लिए सराहनीय है, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है।
03
लगातार 31वीं बार रक्तदान कर अजीत कुमार सोनी ने यह साबित किया है कि समाजसेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरत के समय आगे आकर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

रक्तदान के दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदाताओं का आगे आना बेहद जरूरी है। स्वस्थ एवं योग्य लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करने के लिए प्रेरित होना चाहिए। रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और अधिक से अधिक लोगों को इस नेक कार्य से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

अजीत कुमार सोनी का 31वीं बार रक्तदान करना समाज के युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश है कि छोटी-सी पहल भी किसी परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकती है। उनका यह सेवाभाव निश्चित रूप से अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगा।