सकलडीहा। दीपावली और डाला छठ महापर्व को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने अधिकारियों को साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धार्मिक पर्वों के दौरान मंदिरों, सरोवरों और घाटों की साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंगलवार को लगातार दूसरे दिन अपने आवास तेंदुईपुर में मंत्री ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान सकलडीहा, चहनिया, नईबाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों और किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया।

मंत्री अनिल राजभर ने दीवाली और डाला छठ को देखते हुए सीडीओ और डीपीआरओ को मंदिरों, सरोवरों और घाटों की समय से सफाई कराने के साथ ही सरोवरों में पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान व्यापारियों ने सकलडीहा क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं की समस्या उठाई और उन्हें पशु आश्रय केंद्रों में भेजने की मांग की। साथ ही सकलडीहा के प्राचीन सरोवर और घाटों की साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत भी की।

मंत्री ने हाईवे निर्माण के अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने और भोजापुर में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं चहनिया के एक व्यापारी की भूमि संबंधी समस्या पर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व और भूमि विवाद के मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

इसके अलावा सकलडीहा स्टेशन मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए निर्देशित किया।

इस मौके पर सूरज सिंह, कमलेश यादव, रतेन्द्र राजभर, लल्लू खां, अनूप गुप्ता, राहुल राजभर, अक्षय, अभिषेक, विकास राय और मनोज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।