जनसुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने भोजापुर पुलिस लाइन में मजदूर की मौत के बाद मुआवजा वितरण में देरी पर नाराजगी जताई। जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता दिलाने का निर्देश दिया।
सकलडीहा। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को तेंदुईपुर स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई के दौरान विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। भोजापुर निर्माणाधीन पुलिस लाइन के सात मंजिला भवन से गिरकर मजदूर की मौत के मामले में एक सप्ताह बाद भी मुआवजा नहीं मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतक परिवार को मुआवजा सहित अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान नागेपुर स्थित बउरियाह काली माता मंदिर के भवन निर्माण कार्य महीनों से अधूरा होने का मामला भी सामने आया। इस पर मंत्री ने ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस दौरान कस्बा के समाजसेवी मुराहू विश्वकर्मा ने छह अक्टूबर को आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं ओड़वली के मुरली राजभर ने लेटे हनुमान मंदिर पर आयोजित भंडारा एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया।
चहनियां कस्बा के एक व्यापारी की भूमि संबंधी समस्या पर मंत्री ने संबंधित एसओ को मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के बाद मंत्री आजमगढ़, वाराणसी और बिहार से आए कार्यकर्ताओं के साथ वाराणसी कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर रतेंद्र राजभर, मिश्री, विकास राय, रामप्यारे, अनूप गुप्ता, राहुल, अभिषेक, मुन्ना बकाटू, डॉ. अभय वर्मा, मनोज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।