कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सकलडीहा समेत चंदौली के विभिन्न गांवों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की। हाईवे निर्माण, हैंडपंप, स्ट्रीट लाइट, छठ पूजा की व्यवस्था और पीजी कॉलेज की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
सकलडीहा। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सकलडीहा सहित जनपद के विभिन्न गांवों की जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को उन्होंने जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने बिजली और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री अनिल राजभर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सकलडीहा हाईवे निर्माण के दौरान मंदिर और भवन का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। उन्होंने इसे जल्द पूरा कराने की मांग की। इसके साथ ही छठ पूजा को देखते हुए सकलडीहा सहित जिले के विभिन्न सरोवरों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को ग्राम सभा तेंदुई, टिमिलपुर और नागेपुर में हाईवे निर्माण के दौरान लगाए गए हैंडपंपों को पुनः स्थापित कराने को कहा। वहीं, सकलडीहा पीजी कॉलेज में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रोजगार मेले की तैयारियों पर भी चर्चा की। कॉलेज के बिजली बिल से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
मंत्री ने हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों को भी जल्द चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का माला-फूल और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजेश कुमार, विद्युत विभाग के एक्सईएन नरेश कुमार, एई सियाराम यादव, पीडब्ल्यूडी एई आलोक सिंह, शिवमंगल बियार, मिश्री राजभर, रतेंद्र राजभर, अतुल सिंह, विकास राय, रामप्यारे, टुनटुन राजभर, कैलाश, मुरली, अक्षय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।