चंदौली। विकास खंड बरहनी के अरंगी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अरंगी सहित कुआं, ककरैत, मुड्डा और अदसड़ आदि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने दौड़ और कबड्डी में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अरंगी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बालिका वर्ग की दौड़ में इन छात्राओं ने मारी बाजी
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ककरैत विद्यालय की पायल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में ककरैत की गुड़िया प्रथम रहीं।

400 मीटर दौड़ में अदसड़ विद्यालय की प्रिया ने बाजी मारी, जबकि 600 मीटर दौड़ में अरंगी विद्यालय की अंतिमा प्रथम स्थान पर रहीं।

कबड्डी में मुड्डा की टीम रही विजेता
बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में मुड्डा विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ककरैत विद्यालय की टीम दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और शारीरिक विकास को बढ़ावा देना रहा।

शिक्षकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस अवसर पर भरत सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह, अजय, शशिकांत, अच्युतानंद त्रिपाठी और दिलीप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका पंकज, जितेंद्र और चंद्रशेखर आजाद ने निभाई। आयोजन में विद्यालयों के शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।