महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रो. रणधीर सिंह द्वारा संपादित पुस्तक ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता : अंतर्दृष्टि, एकीकरण एवं नवाचार’ का विमोचन किया। पुस्तक में कला, विज्ञान, प्रबंधन, तकनीकी और वाणिज्य विषयों से जुड़े 20 अध्याय शामिल हैं।
सकलडीहा। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने गुरुवार को प्रो. रणधीर सिंह द्वारा संपादित पुस्तक ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता : अंतर्दृष्टि, एकीकरण एवं नवाचार’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान का संकलन केंद्र और तथ्यों का संग्रहालय होती हैं। वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में गुणात्मक विकास एवं सुधार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह पुस्तक ज्ञान-सृजन एवं नवाचार को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।
पुस्तक विमोचन समारोह में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रो. अमिता सिंह, वित्त अधिकारी पीतांबर दास सहित अन्य सम्मानित प्राध्यापक उपस्थित रहे।
पुस्तक के संपादक प्रो. रणधीर सिंह शारीरिक शिक्षा विभाग, डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज, भैरव तालाब (राजातालाब), वाराणसी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक उनके 20 वर्षों के अनुभव एवं अध्यापन का परिणाम है। पुस्तक बहुविषयक दृष्टिकोण पर आधारित है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित है। इसमें कला, विज्ञान, प्रबंधन, तकनीकी एवं वाणिज्य जैसे विषयों से संबंधित कुल 20 अध्याय शामिल किए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों, शिक्षकों एवं शिक्षार्थियों के अध्ययन और अध्यापन में उपयोगी साबित होगी। पुस्तक का प्रकाशन देवयानी पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर, दिल्ली द्वारा किया गया है।
गौरतलब है कि प्रो. रणधीर सिंह चंदौली जनपद के ग्राम सढ़ान (पूरा), पोस्ट रामगढ़ के मूल निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई, जबकि उच्च शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय से प्राप्त की। वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं। इससे पूर्व भी उनके द्वारा कई पुस्तकों का लेखन एवं प्रकाशन किया जा चुका है।