सीएचओ की अनिश्चितकालीन हड़ताल से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर लटके ताले! ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप, मरीज बेहाल। कैडर निर्माण और नियमितीकरण की मांग।
चंदौली। जनपद के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले 'आयुष्मान आरोग्य मंदिरों' पर ताले लटक गए हैं। अपनी विभिन्न सेवा संबंधी लंबित मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) गत 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सीएचओ के कार्य बहिष्कार के कारण ग्रामीण अंचलों में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं, जिससे गरीब व ग्रामीण मरीजों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
दूर-दराज के गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
जिले भर के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के बंद होने से सबसे ज्यादा मार बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रही है। सामान्य बुखार, बीपी, शुगर की जांच और नियमित दवाओं के लिए ग्रामीणों को अब कई किलोमीटर दूर सामुदायिक या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जारी है आंदोलन
प्रदेश अध्यक्ष सनत सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ उत्तर प्रदेश का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। संघ के प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि सीएचओ ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने वाली सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
इन प्रमुख मांगों को लेकर अड़े हैं CHO
कैडर निर्माण व नियमितीकरण:- सीएचओकैडर का अविलंब गठन किया जाए और सभी को नियमित किया जाए।
वेतन वृद्धि:- 4,800 ग्रेड पे के अनुरूप वेतनमान व अन्य सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
PBI का विलय:- परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव को मूल मानदेय में ही शामिल किया जाए।
शीघ्र समाधान न हुआ तो स्थिति होगी और विकट
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि मांगों का पारदर्शी और शीघ्र समाधान केवल सीएचओ के हित में नहीं, बल्कि प्रदेश और जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य प्रणाली को जीवित रखने के लिए भी बेहद जरूरी है। यदि शासन-प्रशासन ने जल्द ही उनकी सुध नहीं ली, तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संकट और गहरा सकता है। फिलहाल आरोग्य मंदिरों पर ताले लटके होने से जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और मरीज राम भरोसे हैं।