सकलडीहा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठन को मजबूती देने के लिए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी सुनील कुमार चित्तौड़ ने चंदौली समेत तीन जनपदों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसके तहत चंदौली जिले की जिम्मेदारी नन्दलाल महादेवन को सौंपी गई है।

लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार शाहजहांपुर में रावेंद्र पाल सिंह बौद्ध और औरैया में संजीव कुमार कठेरिया को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। साथ ही पार्टी की नीतियों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई है।

कार्यकर्ताओं में खुशी, दी बधाई
नन्दलाल महादेवन को चंदौली का जिला अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनपद में संगठन का विस्तार होगा। साथ ही बहुजन समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सम्मान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार जल्द ही जनपद में संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की जाएगी।