सकलपुर में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की तैयारी सभा आयोजित हुई। बैठक में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस पर माता रमाबाई पार्क में होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
सकलडीहा। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी, चंदौली के तत्वावधान में 26 नवंबर 2026 को भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर माता रमाबाई पार्क में आयोजित होने वाली विशाल ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ की सफलता को लेकर सकलपुर में तैयारी सभा आयोजित की गई। सभा में महारैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित होने वाली यह महारैली बहुजन समाज के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की आवाज बनेगी। इसमें जिले के कोने-कोने से हजारों कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे।
मुख्य अतिथि ने किया एकजुट होने का आह्वान
सभा के मुख्य अतिथि एवं वाराणसी मंडल प्रभारी मा. रमाशंकर पटेल ने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। संविधान समाज की सबसे बड़ी ताकत है और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही बहुजन स्वराज का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को महारैली में शामिल होने का निमंत्रण देने की अपील की।
सभा की अध्यक्षता परम पूज्य गुरुपद तत्वदर्शी सम्यक महाराज ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, एकता और अनुशासन ही सामाजिक परिवर्तन के प्रमुख आधार हैं।
कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
विशिष्ट अतिथि के रूप में रामवीर यादव एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चंदौली जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार उपस्थित रहे। सभा का संचालन डॉ. नन्दलाल महादेवन ने किया।
इस दौरान सिद्धार्थ प्राण बाहु, कुलकर्णी देवा, धिरेन्द्र कुमार, डॉ. दीपक सर, गीता राव अम्बेडकर, संतोष कश्यप, रोहित विश्वकर्मा, डॉ. जयंत चौधरी, सुल्तान आलम, कर्ण सिंह चौधरी, बेचू मौर्या, शेरु रावण, अरुण सागर, डॉ. राजेश कुमार, संघर्ष सूर्यवंशी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने 26 नवंबर को आयोजित होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।