चहनिया। देव दीपावली गंगा महोत्सव को लेकर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कमर कस ली है। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में गंगा आरती मंच लगाने का कार्य शुरू कराया गया।

इस दौरान समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान कर मंच की संरचना तैयार करने में सहयोग किया। गंगा तट पर आरती मंच स्थापित करने के लिए लोहे के मजबूत खंभे लगाए गए तथा उन्हें आपस में जोड़कर मंच का स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं, मंच के ऊपरी हिस्से को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक झालरों से सजाने की तैयारी की जा रही है।

समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने कहा कि सदस्यों का सामूहिक श्रमदान समिति की एकजुटता, समर्पण और मां गंगा की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गंगा महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पश्चिम वाहिनी गंगा घाट की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि गंगा सेवा समिति समय-समय पर गंगा स्वच्छता अभियान, नियमित गंगा आरती, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करती रही है।

समिति की ओर से क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों से भी गंगा घाट के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास में सहयोग करने की अपील की गई है। गौरतलब है कि आगामी 24 नवंबर को बलुआ पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर देव दीपावली का आयोजन प्रस्तावित है, जिसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।