चंदौली। दीपावली के आसपास पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण को लेकर प्रशासन की सख्ती के बीच चंदौली में अवैध पटाखों के भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। बलुआ पुलिस ने चहनियां चौराहे के पास बेकरी की दुकान की आड़ में चल रहे कथित अवैध पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ करते हुए 103 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के पटाखों का भंडारण किए जाने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में 3 नवंबर 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास स्थित रिद्धी बेकर्स की दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान के बगल में बने कमरे में गत्तों के अंदर भारी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर नौ गत्तों में रखे पटाखों का कुल वजन 103 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान, निवासी खंडवारी, चहनियां, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

नौ गत्तों में मिले खतरनाक पटाखे
पुलिस की बरामदगी सूची के अनुसार, गत्तों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई, बड़े पटाखे और आसमानी पटाखे सहित विभिन्न प्रकार की विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। कुल बरामदगी में नौ गत्तों में भरे 103 किलोग्राम पटाखे शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए पटाखों का भंडारण किया गया था। इस मामले में थाना बलुआ में मु.अ.सं. 309/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

समय रहते कार्रवाई से टल सकता था बड़ा हादसा
घनी आबादी के बीच बेकरी की दुकान के बगल वाले कमरे में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि किसी कारणवश आग या विस्फोट की घटना होती तो आसपास के लोगों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पटाखों के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा, मनोज कुमार, अनमोल वर्मा और संदीप कुमार शामिल रहे।