सकलडीहा। सकलडीहा थाना क्षेत्र के बरठी–डैना मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गिट्टी लदा एक भारी ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान की खड़ी फसल में पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR24GC1080 गिट्टी लादकर टेकापुर में सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान बरठी–डैना मोड़ के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रेलर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ट्रेलर पर सवार चालक विक्की (22 वर्ष) और खलासी आशीष (20 वर्ष) दुर्घटना में सुरक्षित बच गए। भारी वाहन को खेत में पलटा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में जानमाल का नुकसान नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, ट्रेलर पलटने से खेत में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

मोड़ पर हुआ हादसा, बाल-बाल बची दो जिंदगियां
गिट्टी से लदा भारी ट्रेलर जिस तरह खेत में पलटा, उससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। संयोग अच्छा रहा कि उस समय आसपास कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। फिलहाल घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।