चंदौली। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर सोमवार को परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल एक दर्जन महिलाओं का सफलतापूर्वक बंध्याकरण किया गया। नसबंदी के बाद सभी महिलाओं को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि छोटा परिवार सदैव सुखी परिवार होता है। परिवार नियोजन के लिए 'हम दो, हमारे दो' का फार्मूला सफल और कारगर है। इसे अपनाकर परिवार को बेहतर तरीके से खुशहाल बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि बंध्याकरण के लिए अस्पताल पहुंची महिलाओं की पहले आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई गई। इसमें ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, वजन सहित अन्य जांच शामिल थीं। जांच के बाद चिकित्सक डॉ. कौशल द्वारा महिलाओं का बंध्याकरण किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिलाओं को कुछ समय तक अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें आवश्यक दवाएं देकर छुट्टी दी गई।

शिविर में एलटी संतोष और अभिमन्यु ने महिलाओं की आवश्यक जांच की। इस अवसर पर फार्मासिस्ट देवेंद्र, दिनेश यादव, ओमप्रकाश चौधरी, तेजप्रताप भारती, रीना यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।