सकलडीहा। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व सकलडीहा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

दिवाली के दूसरे दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर मंगलवार की सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया। सकलडीहा कस्बे के अलावा चतुर्भुजपुर, भोजापुर, नागेपुर, धरहरा, कम्हारी, बरठी समेत आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना की। बहनों ने चंदन, रोली और अक्षत से भाइयों का तिलक कर उनके सुखद जीवन की कामना की।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन यमुना के बार-बार आमंत्रित करने पर कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को उनके घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया, तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो बहन अपने भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना करेगी, उसके भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से भैया दूज का पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है।

वहीं मंदिर के पुजारी रामजनम चौबे और आशीष चौबे ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर का वध करने के बाद अपनी बहन के पास पहुंचने पर बहन ने उनका तिलक कर दीर्घायु की कामना की थी। इसी परंपरा के तहत बहनें भैया दूज पर भाइयों के माथे पर चंदन, रोली और अक्षत का तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करती हैं।