इलिया। शहाबगंज विकासखंड के ग्राम सभा भुड़कुड़ा से होते हुए इलिया जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जर्जर हालत में है। सड़क की पटरी नहर में समा जाने और दोनों तरफ बड़े-बड़े घास-फूस व झाड़ियां उग आने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि थोड़ी सी चूक होने पर वाहन नहर में पलट सकता है।

सड़क के किनारे से गुजर रही नहर से सटी पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं, दोनों तरफ घनी घास-फूस उगने के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है। इससे सामने से आने वाले चार पहिया वाहनों को पास लेने में कठिनाई होती है। वाहन चालकों को काफी सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ता है।
02
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। दर्जनों गांवों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। वर्तमान में खेती-किसानी का समय होने के कारण ट्रैक्टरों और अन्य कृषि वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। ऐसे में सड़क की बदहाली किसानों और ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए। साथ ही नहर की तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और सड़क के दोनों तरफ उगी घास-फूस व झाड़ियों की सफाई कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।