सकलडीहा। चहनिया विकासखंड के बिसापुर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार परिसर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कृषि विभाग के कर्मचारियों ने किसानों को संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई और चूहों व छछूंदर से जुड़े संभावित स्वास्थ्य खतरों के प्रति जागरूक किया। किसानों से घरों, खेतों और अनाज भंडारण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

संचारी रोगों से बचाव के बताए उपाय
प्रदेश सरकार के निर्देश पर एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव की जानकारी दे रही हैं।

कार्यक्रम में किसानों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म करने पर जोर दिया गया।

चूहों और छछूंदर से भी हो सकता है बीमारी का खतरा
सहायक कृषि विकास अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर चूहों और छछूंदर से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। चूहों के मल-मूत्र से दूषित पानी और खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने से लेप्टोस्पायरोसिस जैसी गंभीर बीमारी फैल सकती है। समय पर उपचार न मिलने पर यह बीमारी जानलेवा भी हो सकती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने किसानों को घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, अनाज को सुरक्षित तरीके से भंडारित करने, जलभराव रोकने तथा चूहों के प्रवेश के रास्तों को बंद करने की सलाह दी। साथ ही बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

कृषि विभाग के कर्मचारी और किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्राविधिक सहायक प्रशांत रघुवंशी, नीतीश कुमार सिंह, शिवांगी पांडे, दामिनी पटेल, चंदन राम, विवेक कुमार यादव और आशुतोष दुबे सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।