सकलडीहा। धान खरीद में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. के.एन. पाण्डेय ने गुरुवार को विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप धान खरीद सुनिश्चित करने और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. पाण्डेय ने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज की खरीद प्राथमिकता के आधार पर की जाए। किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्रय केंद्र प्रभारी या संबंधित अधिकारी द्वारा बिचौलियों से धान खरीद किए जाने की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी एवं सचिव के खिलाफ शिकायत की जाएगी।

उन्होंने धान खरीद प्रक्रिया में तौल, पंजीकरण, टोकन व्यवस्था और भुगतान को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। साथ ही किसानों के लिए खाद एवं उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खाद दुकानों और संबंधित केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक रखा जाए, जिससे किसानों को खेती के सीजन में खाद के लिए भटकना न पड़े।

डॉ. पाण्डेय ने खाद की उपलब्धता एवं वितरण की नियमित निगरानी करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और किसी भी तरह की अनियमितता पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त रविशंकर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।