सकलडीहा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सकलडीहा क्षेत्र के चार कार्यकर्ताओं को जिला और मंडल स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है। मंगलवार को कस्बे स्थित कैंप कार्यालय में मंडल अध्यक्ष जेपी चौहान के नेतृत्व में नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान किया गया।

मंडल अध्यक्ष जेपी चौहान ने बताया कि मुसाफिर चौहान को पिछड़ा मोर्चा का जिला मंत्री, रविंद्र प्रताप सिंह रवि को किसान मोर्चा का जिला मंत्री तथा पूनम चौहान को महिला मोर्चा का जिला मंत्री बनाया गया है। वहीं शारदा देवी को मंडल महिला मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जेपी चौहान ने कहा कि पार्टी संगठन में कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और सक्रियता को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के प्रयास से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

वहीं, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।

इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।