चहनिया। कस्बा स्थित बृजनंदनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स में छठ महापर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को छठमय बना दिया। पारंपरिक छठ गीतों, लोकनृत्य और आकर्षक झांकियों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोग छठ गीतों की मधुर धुनों को सुनकर भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने छठ पूजा की पारंपरिक झांकी प्रस्तुत की। इसके साथ ही लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाया। छात्राओं ने 'कांच ही बांस के बहंगिया', 'रथवा चढ़ी आवे ले सूरजमल', 'उगा हे सूरज देव अरघ के बेरवा' और 'शीतली बयारिया शीतल दूजे पनिया' जैसे लोकप्रिय छठ गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन बिरजू अग्रहरि ने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को छठ पर्व और प्रकृति के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति का उज्ज्वल प्रतीक है। सूर्य उपासना के माध्यम से यह पर्व प्रकृति और मानव के मधुर संबंधों का संदेश देता है। आज यह महापर्व केवल पूर्वी भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया में इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति और अध्यात्म के बीच सुंदर सामंजस्य स्थापित करता है। यह पर्व हमें धरती, प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देता है। साथ ही जीवन में विपरीत परिस्थितियों से घबराने के बजाय निरंतर कर्म करते रहने का संदेश भी देता है। जिस प्रकार अस्त होते सूर्य के बाद उसके दोबारा उदय होने की संभावना बनी रहती है, उसी प्रकार जीवन में भी हर कठिन परिस्थिति के बाद नई उम्मीद का सूर्योदय होता है।

कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि, सचिव नंदनी अग्रहरि, सह सचिव अमृतांजलि अग्रहरि, प्राचार्या दीपानिता चक्रवर्ती, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, अरुण राय, संध्या रानी, अल्पना जायसवाल, वीना अग्रहरि, अर्पिता तिवारी और अर्चना गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।