चहनिया ब्लॉक में रोजगार सेवक संघ ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बकाया मानदेय, ईपीएफ भुगतान, राज्य कर्मचारी का दर्जा और वेतन वृद्धि की मांग करते हुए 3 दिसंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी।
चहनिया। विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को चहनिया ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान रोजगार सेवक संघ ने खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। रोजगार सेवकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी 3 दिसंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से मनरेगा योजना के तहत अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक विभिन्न सरकारों ने उनकी मांगों की अनदेखी की है। वर्तमान सरकार से भी उन्हें काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। इससे आजिज होकर अब उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
रोजगार सेवकों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों में बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान करने, ईपीएफ की काटी गई धनराशि उनके यूएन खातों में जमा कराने, रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देकर राज्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं प्रदान करने तथा अन्य प्रदेशों की तर्ज पर वेतनमान में वृद्धि करने की मांग उठाई।
इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को लखनऊ के एक्सपो मैदान में समस्त मनरेगा कर्मचारियों के लिए की गई घोषणा का शासनादेश रोजगार सेवकों के पक्ष में जारी करने की मांग भी की।
रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो 3 दिसंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल कर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए वे हर संघर्ष को तैयार हैं।
इस दौरान रामअवतार चौहान, महेंद्र यादव, गोपीनाथ राय, छोटेलाल विश्वकर्मा, अरविंद यादव, राजेश कुमार भारती, अरुण कुमार, आरती, सावित्री सिंह, दीपिका सिंह, राजबहादुर सिंह, रविंद्र चौहान, रविशंकर प्रजापति सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।