चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के रामगढ़ में शनिवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक की रविवार भोर वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार रामगढ़ में गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार भोर करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

तिलकधारी गोस्वामी अपने पीछे पत्नी कविता और दो पुत्रियों रितिका (10) व आर्या (8) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।