चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में पशु चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी की गई एक भैंस और एक पड़िया को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए मैजिक लोडर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को मुबारकपुर गांव में एक व्यक्ति के खूंटे से बंधी भैंस और पड़िया चोरी कर ली गई थी। आरोप है कि अनिल चौहान और काजू दोनों पशुओं को पिकअप मैजिक लोडर संख्या UP67AT5184 में लादकर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को वाहन पर संदेह हुआ और उन्होंने उसे रोककर पूछताछ शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पशुओं के मालिक भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों आरोपियों को चोरी के पशुओं और वाहन सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही चकिया पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल चौहान (21 वर्ष), पुत्र राधे चौहान, निवासी मलहर तथा काजू (20 वर्ष), पुत्र कल्लू, निवासी भरेहटाकला, थाना चकिया के रूप में हुई है।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना चकिया में मु0अ0सं0 288/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/317(2) में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रासन यादव और कांस्टेबल शुभम तिवारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।