चकिया-इलिया मार्ग पर सरैया गांव के समीप ई-ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय अनुराग केसरी की वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इलिया। चकिया थाना क्षेत्र के चकिया-इलिया मार्ग पर सरैया गांव के समीप रविवार की देर रात ई-ऑटो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अनुराग केसरी उर्फ बाबू (19) रविवार की देर रात अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ई-ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुराग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में युवक को निजी वाहन से चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। हालत में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन उन्हें लेकर वाराणसी ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान अनुराग ने दम तोड़ दिया। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना से सरैया गांव में मातम पसरा हुआ है।