चकिया ब्लॉक स्थित भोका बांध के गेट नंबर 2 और 3 बंद नहीं होने से खेतों में लगातार पानी पहुंचने का आरोप लगाते हुए किसान विकास मंच ने बंधी डिवीजन के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने सोमवार को सिंचाई विभाग कार्यालय पर धरने की चेतावनी दी है।
चंदौली। मौसम की मार झेल रहे किसानों की मुश्किलें अब सिंचाई विभाग की कथित लापरवाही से भी बढ़ती नजर आ रही हैं। चकिया ब्लॉक के भोका बांध के गेटों की खराब मरम्मत को लेकर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बंधी डिवीजन के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि बांध के गेट नंबर 2 और 3 की मरम्मत सही ढंग से नहीं कराई गई, जिसके चलते दोनों गेट बंद नहीं हो पा रहे हैं। इससे नहरों का पानी लगातार खेतों में पहुंच रहा है और धान की फसल को नुकसान हो रहा है।
किसानों के अनुसार शिकारगंज रजवाहा और उचेहरा माइनर में लगातार पानी छोड़े जाने से करवदिया, कुसहीं, भंगड़ा, नौडीहा, बलिया खुर्द, बलिया कला, उचेहरा, लठिया, मझगावां और जीयनपुरा सहित कई गांवों के किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि अर्णव तूफान और लगातार बारिश से पहले ही धान की फसल प्रभावित हुई है। ऐसे में बांध के गेट बंद नहीं होने से बिना जरूरत खेतों में पानी भर रहा है, जिससे हजारों एकड़ फसल बर्बाद होने की आशंका बढ़ गई है।
किसान विकास मंच के नेता सरोज कुमार यादव ने बताया कि भोका बांध के गेटों की खराब मरम्मत को लेकर बंधी डिवीजन के अधिकारियों को लगातार अवगत कराया जाता रहा, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। किसानों की परेशानी को देखते हुए मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विभाग के प्रति नाराजगी जताई।
सरोज कुमार यादव ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल गेटों को दुरुस्त कर पानी की अनावश्यक आपूर्ति नहीं रोकी गई तो सोमवार को चकिया स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर बंधी डिवीजन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, किसानों के विरोध और चेतावनी के बाद बंधी डिवीजन के अधिकारियों ने गेटों को बंद कराने के लिए मिस्त्री और मजदूरों की टीम भेजी है। किसानों का कहना है कि केवल मरम्मत का आश्वासन नहीं, बल्कि गेटों को पूरी तरह दुरुस्त कर खेतों में पानी जाने से रोकना जरूरी है।
प्रदर्शन में सरोज कुमार यादव, शैलेंद्र पटेल, रमेश चंद, मोहन पासवान, रामभरोस, प्रभाकर, सोहन, सुनील कुमार और अंशु सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।