चंदौली। बरहनी विकासखंड के डेढ़गांवा गांव निवासी चंदन सिंह राजपूत को निषाद पार्टी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद तथा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश सचिव के साथ वाराणसी मंडल का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।

चंदन सिंह राजपूत इससे पहले निषाद पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष (क्षत्रिय प्रकोष्ठ) के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। सेना में सेवाएं दे चुके राजपूत की संगठन के प्रति सक्रियता, निष्ठा और समाजसेवा के कार्यों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है।

नियुक्ति की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।

इस अवसर पर निषाद पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सिंह विशेन ने कहा कि चंदन सिंह राजपूत लंबे समय से संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। उनकी सक्रियता और समाजसेवा के प्रति लगन को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।

वहीं नई जिम्मेदारी मिलने पर चंदन सिंह राजपूत ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, प्रदेश अध्यक्ष व्यास मुनि निषाद सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।