चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के चंदासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में बुधवार की सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी पंकज चौबे (32) पुत्र स्वर्गीय सूरज चौबे के रूप में हुई है। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की आशंका के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
sharada
प्राप्त जानकारी के अनुसार भरत चौबे निवासी ग्राम कनेरा ने 11 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे शहाबगंज थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा पंकज चौबे 10 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे घर से मुगलसराय स्थित राज मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में काम करने के लिए निकला था। लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।

परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे पंकज का शव मुगलसराय थाना क्षेत्र के चंदासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। शुरुआत में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे, लेकिन उन्हें पंकज की मौत संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद मृतक के पिता ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, कमरे को किया सील
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस कमरे में युवक का शव मिला था, उसे पुलिस ने ताला बंद कर सुरक्षित कर दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार के लोगों में गहरा दुख है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।