चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी, सर्विलांस और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 60 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी बरामद की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर सुल्तानपुर और आसपास के जनपदों में खपाने की फिराक में थे।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसओजी, सर्विलांस और अलीनगर पुलिस की टीम हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की तरफ से आ रही सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार (UP44BL9326) को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और तेजी से भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बाबतपुर क्षेत्र में वाहन को घेरकर रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की गाड़ियों में टक्कर मारने का भी प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार समेत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
ganja2
स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे थे गांजे के 60 बंडल
वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडल बरामद हुए। इनका कुल वजन 60 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 300 तथा 550 रुपये नकद बरामद किए गए।

ओडिशा से लाकर करते थे गांजे की सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाते थे। इसके बाद उसे छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर सुल्तानपुर और अन्य क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह (25) निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, सुल्तानपुर, अवधेश (20) निवासी सिरसिया, दुबौलिया, बस्ती तथा नौशाद (24) निवासी संग्रामपुर, छावनी, बस्ती के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि अभिषेक सिंह के विरुद्ध सुल्तानपुर जनपद के करौंदीकलां थाने में पूर्व के चार आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 667/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट एवं 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, अमित सेन सिंह सहित थाना अलीनगर की पुलिस टीम शामिल रही। वहीं एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा समेत एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।