चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव के समीप विकास भवन के पास शनिवार को एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम के रूप में हुई है। उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम बिछिया गांव स्थित अपनी ससुराल में रहकर प्रतिदिन कचहरी आते-जाते थे। शनिवार को विकास भवन के समीप उनका शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही उनके साथी अधिवक्ताओं, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में साथी अधिवक्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इस दौरान राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच होनी चाहिए, ताकि अधिवक्ता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

इस संबंध में थाना प्रभारी दुर्गेश यादव ने बताया कि विकास भवन के समीप एक अधिवक्ता का शव मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल अधिवक्ता की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।