उच्च न्यायालय प्रयागराज के एक न्यायमूर्ति द्वारा अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध जताया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
चंदौली। उच्च न्यायालय प्रयागराज के एक न्यायमूर्ति द्वारा अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन एवं सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में नगर पंचायत स्थित सर्विस रोड पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
प्रदर्शन के दौरान सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ता समाज पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अधिवक्ताओं का भी अपना मान-सम्मान और सामाजिक गरिमा है। न्यायमूर्ति जैसे उच्च पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा किसी अधिवक्ता के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार किया जाना अशोभनीय है। अधिवक्ता समाज के मान-सम्मान और गरिमा से किसी भी स्थिति में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं पूर्व महामंत्री जन्मेजय सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। उच्च पदों पर बैठे लोगों का दायित्व है कि वे अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और गरिमा का पूरा ख्याल रखें। इससे न्यायपालिका के प्रति विश्वास मजबूत होगा और बार-बेंच के बीच बेहतर संबंध कायम रहेंगे।
इसके पूर्व आयोजित संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद अधिवक्ताओं ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उच्च न्यायालय इलाहाबाद से प्रार्थना पत्र में उठाई गई मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने कहा कि बार और बेंच के बीच आपसी सामंजस्य एवं समन्वय बनाए रखना न्याय व्यवस्था के लिए बेहद आवश्यक है। ऐसे में मामले का निष्पक्ष समाधान किया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ताओं के सम्मान और न्यायपालिका के प्रति विश्वास को बनाए रखा जा सके।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सुल्तान अहमद एडवोकेट ने किया। इस दौरान संतोष कुमार सिंह, राहुल सिंह, राजबहादुर सिंह, संजीव श्रीवास्तव, उज्ज्वल सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, अनिल कुमार सिंह, राकेश रतन तिवारी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।