चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रेवसा गांव निवासी भोला भारती उर्फ करन (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे रेवसा गांव स्थित एसआरबीएस स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर भोला भारती उर्फ करन और उसके साथियों ने मोहम्मद सुफियान के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की थी। आरोप है कि सुफियान ने जब अपनी जान बचाकर भागने का प्रयास किया तो भोला ने तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली लगने से वह बाल-बाल बच गया। इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे कैली अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपने साथियों अमित यादव निवासी लौदा, मयंक यादव और विवेक कुमार निवासी रेवसा के शामिल होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बरामद तमंचे का इस्तेमाल घटना में करने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अलीनगर थाने में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 के कुल छह आपराधिक मुकदमों का उल्लेख किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक राकेश सिंह, अनिल कुमार पासवान, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल रितिक तिवारी और सर्वजीत सिंह गौतम शामिल रहे।