चन्दौली। विकासखंड बरहनी में धान खरीद प्रक्रिया शुरू होते ही सोमवार सुबह से ही विभिन्न क्रय केंद्रों पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभी नरवन क्षेत्र में धान की फसल पूरी तरह पककर तैयार नहीं हुई है, लेकिन किसान पहले से ही आवश्यक दस्तावेज जमा कराकर क्रय केंद्रों पर अपना नंबर लगवाने में जुट गए हैं, ताकि फसल तैयार होने पर सरकारी समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री सुनिश्चित हो सके।

विकासखंड बरहनी में बरहनी के अलावा घोसवां, अरंगी, अदसड़, छतेम, सिधना, पिपरी, भैंसा, सैयदराजा, सोगाईं, पई, कुसीं, बकौड़ी, ककरैत, लक्ष्मणपुर सहित कुल 32 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीद की जाएगी। इसके लिए पीसीएफ, यूपीएसएस, मार्केटिंग सहित चार अलग-अलग एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एडीओ कोऑपरेटिव बरहनी राजेश सिंह ने बताया कि एक नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण शासन के निर्देश पर दो नवंबर से धान खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है। किसान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक अपने नजदीकी क्रय केंद्र पर पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण की स्थिति सुनिश्चित करते हुए आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना नंबर लगवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान का सरकारी समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा के लिए बरहनी क्षेत्र में इस बार लक्ष्मणपुर, चारी, बकौड़ी और ककरैत गांवों में चार नए क्रय केंद्र भी खोले गए हैं। आगामी दिनों में आवश्यकता के अनुसार अन्य केंद्र भी बढ़ाए जा सकते हैं।

राजेश सिंह ने कहा कि किसान अपने नजदीकी क्रय केंद्र पर आवश्यक दस्तावेज जमा कर धान बिक्री की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसानों को सरकारी धान खरीद में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।