चंदौली। मौसम की मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के चलते खेतों में पककर तैयार होने की ओर बढ़ रही धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। सदर विकासखंड की ग्रामसभा बरठा पुरवा निवासी किसान बृजेश सिंह की करीब तीन बीघा धान की खड़ी फसल बारिश और तेज हवा के कारण पूरी तरह खेतों में गिरकर जमींदोज हो गई। इससे किसान को काफी नुकसान होने की आशंका है।
kheti 2
किसान बृजेश सिंह ने बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ धान की खेती की थी। फसल तैयार होने का समय नजदीक था और उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसल गिरने से कटाई और मड़ाई की प्रक्रिया भी प्रभावित होने की आशंका है। खेतों में बिछी फसल को देखकर किसान की चिंता बढ़ गई है।

किसानों के लिए धान की फसल पूरे साल की मेहनत और परिवार की आजीविका का बड़ा आधार होती है। ऐसे में तैयार होती फसल का इस तरह बर्बाद होना आर्थिक रूप से बड़ी चोट साबित हो सकता है।

किसान ने प्रशासन और कृषि विभाग से फसल नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि मौसम की मार झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।