इलिया। खेतों में लहलहाती धान की फसल को बचाने के लिए किसान पानी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बेन धरौली नहर के बटौवा फाल के नीचे सिंचाई व्यवस्था बेपटरी होने से उनकी चिंता बढ़ गई है। नहर से निकलने वाले कुलावों के जरिए खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे सिंचाई प्रभावित हो रही है और हजारों बीघा धान की फसल पर नुकसान का खतरा मंडराने लगा है। किसानों की समस्या को लेकर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने खिलची गांव में प्रदर्शन किया और आपात बैठक कर सिंचाई विभाग के प्रति नाराजगी जताई।

पानी के अभाव में धान की फसल बर्बाद होने की आशंका
किसान विकास मंच के प्रवक्ता जयनाथ सिंह ने कहा कि बटौवा फाल के नीचे कुलावे पानी नहीं पकड़ रहे हैं। इससे किसानों को खेतों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द नहर में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और कुलावों की समस्या दूर करने के लिए कदम नहीं उठाए गए, तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो चकिया स्थित विभागीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
dharana 8
सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था की बदहाली से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की नौबत आ गई है। धान की फसल को समय पर पानी नहीं मिला तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराने की मांग की।

वीडियो भेजकर अधिकारियों को दी जानकारी
मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बताया कि बटौवा फाल के नीचे खेतयीपुर, खिलची, रजडीहा, बरियारपुर, परमानंदपुर, रोहाखी और खखड़ा समेत कई गांवों में कुलावों से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी नहर पर नियमित पेट्रोलिंग नहीं कर रहे हैं। इसके कारण नहर में पानी की स्थिति और कुलावों की समस्या की समय पर निगरानी नहीं हो पा रही है।

उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता बृजेश तिवारी और अवर अभियंता दीपक मिश्रा को वीडियो क्लिप भेजकर नहर की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। साथ ही अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण करने और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शन और बैठक के दौरान राधेश्याम पांडेय, जयनाथ सिंह, रामभरत सिंह, सुरेश मौर्य, राम अवध सिंह, मंगल राम, जितेंद्र यादव, लक्ष्मण सिंह, अनीसुर्रहमान, पंकज सिंह और राम प्यारे बिंद सहित किसान विकास मंच के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त कर जल्द से जल्द खेतों तक पानी पहुंचाने की मांग की।