सकलडीहा। भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन की सातवीं मंजिल से गिरकर 34 वर्षीय मजदूर अशोक राजभर की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी परिजनों को शेष मुआवजा मिलने का इंतजार है। मुआवजे की मांग को लेकर सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव और ग्रामीणों ने धरना दिया था। मंगलवार को तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सातवीं मंजिल से गिरकर हुई थी मजदूर की मौत
भोजापुर निवासी रामजीत राजभर के 34 वर्षीय पुत्र अशोक राजभर की बीते शुक्रवार को निर्माणाधीन पुलिस लाइन की सातवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि यदि सुरक्षा के उचित प्रबंध होते तो हादसे को टाला जा सकता था।
मजदूर की मौत के बाद सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव और सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर समर्थकों व ग्रामीणों के साथ मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे।

पांच लाख रुपये दिए गए, 21 लाख के मुआवजे की हुई थी घोषणा
धरने के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से परिजनों को दो लाख रुपये नकद और तीन लाख रुपये का चेक दिया गया था। इसके अलावा बीमा सहित कुल 21 लाख रुपये का मुआवजा और भूमि आवंटन की घोषणा की गई थी। हालांकि, पांच दिन बीतने के बाद भी शेष मुआवजे की व्यवस्था नहीं होने से परिवार में नाराजगी बनी हुई है।

तहसीलदार ने दिया शीघ्र मदद का आश्वासन
मंगलवार को तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह भोजापुर स्थित मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और शेष मुआवजा जल्द दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल पूजा सिंह, विनय सिंह, रिंकू राजभर, जयनारायण राजभर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।