चंदौली। जिले में विद्युत तार चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बलुआ पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 800 मीटर एल्यूमिनियम डॉग विद्युत तार और चोरी की घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन बिहार के रोहतास जनपद और एक चंदौली जिले का निवासी है।

पुलिस के अनुसार बीते 9 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने रइया गांव के ताल से रामगढ़ जाने वाली सड़क के बीच करीब 22 बिजली पोल से लगभग 1.2 किलोमीटर विद्युत तार काट लिया था। इस संबंध में प्रताप इलेक्ट्रिकल्स इंडस्ट्रीज, वाराणसी के फर्म प्रतिनिधि वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बलुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 277/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(3) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान मामले में धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने 1 नवंबर 2026 को बिहार के रोहतास जिले के थाना अगरेर क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर उसी दिन रात करीब 9:53 बजे थाना बलुआ क्षेत्र के ग्राम रइया से चोरी किए गए करीब 800 मीटर एल्यूमिनियम विद्युत तार बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन संख्या BR 24 AG 3073 को भी कब्जे में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में तीन बिहार और एक चंदौली का निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष राज पुत्र परशुराम सिंह निवासी लालगंज, थाना सासाराम मुफस्सिल, विकास चौधरी पुत्र जगनारायण चौधरी, नितेश कुमार पुत्र साहेब चौधरी निवासी ग्राम रामगढ़, थाना अगरेर, जनपद रोहतास (बिहार) तथा नीरज चौहान पुत्र नरेंद्र सिंह चौहान निवासी धरहरा, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह, अमित सिंह, सुजीत सिंह सहित हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार व कृष्णा यादव शामिल रहे।