बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव के पास सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के चलते बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में मां केवला देवी (65) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उन्हें इलाज के लिए मुगलसराय ले जा रहे बेटे आदित्यनाथ सोनकर घायल हो गए।
चंदौली। मां को बेहतर इलाज दिलाने की उम्मीद लेकर अस्पताल जा रहे बेटे की खुशियां रास्ते में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छीन लीं। बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कुड़ा गांव के समीप बुधवार को सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 65 वर्षीय केवला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके बेटे घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहाबगंज कस्बा निवासी आदित्यनाथ सोनकर बुधवार को अपनी मां केवला देवी को दवा और उपचार के लिए बाइक से मुगलसराय ले जा रहे थे। अभी वे बबुरी थाना क्षेत्र के भुड़कूड़ा गांव के समीप पहुंचे थे कि सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में केवला देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चला रहे उनका बेटा भी घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इलाज की उम्मीद में निकले थे, रास्ते में थम गई मां की सांसें
उधर, हादसे की खबर मिलते ही शहाबगंज स्थित मृतका के परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस मां को बेटा बेहतर इलाज की उम्मीद में अस्पताल लेकर जा रहा था, उसी मां की रास्ते में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।