औरय्यां गांव में शौचालय का गड्ढा खोदते समय ईंट की दीवार गिरने से दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल विमल उर्फ धर्मेंद्र राम की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
चन्दौली। कन्दवा थाना क्षेत्र के औरय्यां गांव में बीती रात शौचालय का गड्ढा खोदते समय बड़ा हादसा हो गया। गड्ढे से सटी ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर दो लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल विमल उर्फ धर्मेंद्र राम (34) की वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, रामप्यारे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार औरय्यां गांव निवासी रामप्यारे राम के घर शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इस दौरान रामप्यारे और विमल गड्ढे के अंदर मौजूद थे, जबकि रामप्यारे का पुत्र सतीश ऊपर खड़ा था। इसी बीच गड्ढे से सटी ईंट की दीवार अचानक दोनों के ऊपर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामप्यारे को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया, जबकि विमल की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान विमल ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
विमल की मौत से पत्नी रिंकी सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।