चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र और उसके संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जनपद में किसी भी संभावित आपदा से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कक्ष में 24 घंटे सातों दिन संचालित होने वाला आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिले में सतर्कता बढ़ाई गई है। संभावित जलभराव, तेज हवाओं और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कंट्रोल रूम में अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है, ताकि लोगों से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा सके और जरूरतमंदों तक समय से सहायता पहुंचाई जा सके।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जनपदवासियों से अपील की है कि चक्रवाती मौसम के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलभराव या राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित सहायता की आवश्यकता होने पर आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077 और 262100 पर संपर्क करें। प्रशासन के अनुसार, कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सिंचाई, बिजली, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में
डीएम ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राहत सामग्री, जरूरी संसाधनों और आपातकालीन व्यवस्थाओं को पहले से तैयार रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अफवाहों से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने नागरिकों से चक्रवाती मौसम के दौरान धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं एवं अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आमजन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दें।