चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ रविवार को पूरे जनपद में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने विभिन्न घाटों, तालाबों, पोखरों और नदियों में पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। 
11
घंटों पानी में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की। जिलेभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
08
नगर पंचायत चंदौली में मझवार रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मां काली पोखरा और सावजी पोखरा सहित विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर दीपों की रोशनी, फूल-मालाओं, गन्ने के मंडप और फल-फूल से सजे सूप व दउरा ने पर्व की छटा को और भव्य बना दिया। कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों, मंदिरों और निजी तालाबों पर भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
09
वहीं, शहाबगंज क्षेत्र के महारथपुर पोखरा और अमाव गांव में कर्मनाशा नदी के तट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। 
10

मुगलसराय क्षेत्र के मानसरोवर तालाब, दामोदर दास पोखरा चंधासी और सूर्य मंदिर तालाब पर भी आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

07

इसी क्रम में कसवड़ डेहरिया डीह, गांधीनगर प्लाट नंबर तीन चकिया, ग्रामसभा नेगुरा, दरवेशपुर, बरठीं, कमरौर, टड़िया, हिंनौती, छतेम और सैयदराजा समेत जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में छठ महापर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। हर जगह श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्य देव की आराधना की।

06
भक्ति और परंपरा के रंग में रंगे घाट
छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर अपने परिजनों के साथ घाटों पर पहुंचीं। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, नारियल, केला, अनानास, गन्ना और अन्य मौसमी फल सजाए गए थे। 
05
कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने गन्ने का आकर्षक मंडप तैयार कर दीप प्रज्वलित किए और छठी मइया की पूजा की। छठ के पारंपरिक गीतों से घाटों पर देर शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
03
स्थानीय लोगों ने संभाली व्यवस्था
कई घाटों पर ग्राम पंचायतों, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के सहयोग से साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की भारी मौजूदगी के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न की।
12
मान्यता है कि छठ महापर्व पर भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करने से परिवार में सुख-समृद्धि, आरोग्य और संतान की खुशहाली बनी रहती है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, शुद्धता, संयम, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है।
02

रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय डाला छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।