धानापुर में परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति का आठवां क्रमिक अनशन जारी रहा। अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन, लंबित एरियर भुगतान और वर्तमान पद पर नियमितीकरण की मांग उठाई।
चंदौली। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में करीब 14 वर्षों से कार्यरत अनुदेशकों का अपनी मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। रविवार को धानापुर क्षेत्र के लोकुआ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के बैनर तले आठवां क्रमिक अनशन किया गया। इस दौरान अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के 4 फरवरी 2026 के आदेश का पूर्ण अनुपालन कराने, लंबित एरियर का तत्काल भुगतान करने और वर्तमान पद पर ही नियमितीकरण की मांग उठाई।
अनुदेशकों ने कहा कि वे पिछले करीब 14 वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का भविष्य संवारने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी उन्हें अपने अधिकारों और सेवा सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान समिति के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 6 अगस्त तक एरियर का भुगतान किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने इसे न्यायालय के आदेश का अनुपालन न किए जाने का मामला बताते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
क्रमिक अनशन में शामिल अनुदेशकों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और कहा कि उनकी 14 वर्षों की सेवा का सम्मान किया जाए, लंबित एरियर का भुगतान किया जाए तथा वर्तमान पद पर ही नियमित किया जाए। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा।
इस मौके पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीनू यादव, वंदना यादव, संगीता चौरसिया, शशिकला सिंह, इंदुबाला, ऋषि यादव, आशुतोष कुमार, संजय चौहान, संजय कुमार, अमरनाथ राय, नरेंद्र कुमार, स्वदेश भारती, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार सहित दर्जनों अनुदेशक मौजूद रहे।