दीपावली से पहले चंदौली में पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एसडीएम आकांक्षा सिंह और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम के साथ दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया और अवैध कारोबार करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी।
सकलडीहा। दीपावली पर्व को देखते हुए पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम आकांक्षा सिंह और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने पुलिस एवं फायर ब्रिगेड टीम के साथ पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण अभियान के तहत अधिकारियों ने सकलडीहा, चहनिया, धानापुर और कमलापुर क्षेत्र का भ्रमण किया। धानापुर स्थित लाइसेंसी पटाखा दुकान पर पहुंचकर भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदार को मानक से अधिक पटाखे नहीं रखने और सुरक्षित तरीके से भंडारण करने की सख्त हिदायत दी।
प्रशासन के मुताबिक तहसील क्षेत्र में पटाखों की एकमात्र लाइसेंसी दुकान है। इसके बावजूद अन्य स्थानों पर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बिना अनुमति तेज आवाज वाले पटाखों की बिक्री पर भी सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध कारोबार पर नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाल भूपेन्द्र निषाद, एसओ धानापुर सहित पुलिस और फायर ब्रिगेड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।