चंदौली। जिले में चक्रवाती तूफान से फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया और प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को नुकसान का निष्पक्ष एवं सटीक आकलन कराकर प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और क्षेत्रीय लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर नुकसान का विस्तृत सर्वे कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि फसल, मकान और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र प्रभावित व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए।

फसल और मकान क्षति का तत्काल कराया जाए सर्वे
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तहसीलदारों और लेखपालों के माध्यम से प्रभावित गांवों में पहुंचकर क्षति का आकलन कराएं। सर्वे रिपोर्ट तैयार करने में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान का अंतिम आकलन पूरा होते ही शासन की ओर से निर्धारित राहत एवं मुआवजा राशि प्रभावितों के बैंक खातों में जल्द से जल्द भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

प्रभावित ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर तूफान से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस आपदा की घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

प्रशासनिक और राजस्व अधिकारी अलर्ट
चक्रवाती तूफान के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और राहत एवं बचाव से संबंधित कार्यों में तत्परता बरतें।

डीएम के इस निरीक्षण के बाद अब प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को क्षति के सर्वे तथा मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है।