चंदौली। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और ईवीएम की कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले में ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 20 नवंबर को जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक होने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक इन प्रदर्शन केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम के संचालन और वोट डालने की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकते हैं। इससे मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया को लेकर जानकारी मिलेगी और उनके मन में ईवीएम के संचालन से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर के अलावा जिले की सभी तहसीलों में भी शुक्रवार से ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर संचालित कर दिए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को ईवीएम की कार्यप्रणाली से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी के प्रति जागरूक बनें।