बसारिकपुर गांव में धान की क्रॉप कटिंग के दौरान नवागत डीएम शैलेष कुमार ने खुद हसिया उठाकर धान की कटाई शुरू कर दी। दो किसानों के खेतों में उत्पादन के आकलन के आधार पर औसत उत्पादकता 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर मिली। डीएम ने किसानों से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने की अपील की।
चंदौली। नवागत जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने सकलडीहा तहसील क्षेत्र के बसारिकपुर गांव में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने केवल निरीक्षण तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खुद हसिया उठाकर धान की कटाई भी शुरू कर दी। उनके इस अंदाज ने मौके पर मौजूद किसानों और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उन्होंने फसल की उत्पादकता का आकलन किया और किसानों से संवाद कर सरकारी क्रय केंद्रों पर ही धान बेचने की अपील की।
क्रॉप कटिंग के दौरान किसान विजय लाल यादव के खेत (गाटा संख्या-34) में 43.33 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई कराई गई। तौल करने पर कुल 28.700 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। वहीं, किसान बुद्धू प्रसाद यादव के खेत (गाटा संख्या-3) में समान क्षेत्रफल पर कराई गई कटाई में 21.520 किलोग्राम धान की उपज मिली।
दोनों खेतों में प्राप्त उत्पादन के आधार पर क्षेत्र में धान की औसत उत्पादकता 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी धान की उपज बिचौलियों के हाथों बेचने के बजाय सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचें, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा निर्धारित करने में क्रॉप कटिंग के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक फसल उत्पादकता का आकलन किया जाता है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर चंद्रगुप्त सागर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश तथा लेखपाल अमृता कुमारी मौर्य, रामबली प्रसाद एवं साधना सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय किसान मौजूद रहे।