चंदौली। जिले के धीना थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक हसिया भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, नंदगंज स्थित एक कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की हत्या की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 5 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 अक्टूबर को धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां गांव के समीप नहर-नाले और सड़क किनारे दो अज्ञात युवकों के शव बरामद हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। शवों के परीक्षण में धारदार हथियार से चोट और गोली मारे जाने के निशान मिले थे।
04
मामले में ग्राम प्रहरी राम जनम यादव की तहरीर पर थाना धीना में मुकदमा अपराध संख्या 92/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

कानपुर के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस के प्रयासों से मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (32) पुत्र स्वर्गीय अजेंद्र कुमार सिंह, मूल निवासी ग्राम बरहपुर, थाना नंदगंज, गाजीपुर तथा सागर त्रिपाठी (35) पुत्र वीरेंद्र त्रिपाठी, निवासी यशोदा नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई थी। सिद्धार्थ वर्तमान में कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र की जेके कॉलोनी में रह रहे थे।

धानापुर ब्लॉक गेट के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए सर्विलांस, फॉरेंसिक, धीना और धानापुर थाने की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद 5 नवंबर को धानापुर ब्लॉक परिसर के गेट के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
H
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यप्रकाश सिंह (24) पुत्र राकेश कुमार सिंह और विकास सिंह (34) पुत्र हरिहर सिंह, दोनों निवासी ग्राम मेढ़वा, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ और विवेचना के अनुसार, 21 अक्टूबर को जमीन और कटरे की खरीद-फरोख्त से जुड़े विवाद को लेकर धानापुर थाना क्षेत्र में घनश्याम सिंह के मकान पर शराब और मीट की पार्टी रखी गई थी। इस दौरान सूर्यप्रकाश सिंह के भाई रवि सिंह, गोलू सिंह, सिद्धार्थ सिंह और उसके दोस्त सागर त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, नंदगंज के सादियाबाद मोड़ स्थित कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर रवि सिंह और सिद्धार्थ सिंह के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रवि सिंह और गोलू सिंह सिद्धार्थ को घर के बाहर सड़क पर ले गए और उसके सीने में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर सागर त्रिपाठी फोन पर अपने मित्र को घटना की जानकारी देने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रकाश सिंह ने हसिया से सागर का गला रेत दिया, जबकि रवि सिंह ने उसे भी गोली मार दी।

स्कॉर्पियो और बोरे में भरकर अलग-अलग स्थानों पर फेंके शव
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने एक अन्य साथी की मदद से दोनों शवों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। सागर के शव को बोरे में भर दिया गया, जबकि सिद्धार्थ के शव को सूर्यप्रकाश की स्कॉर्पियो में रखा गया। इसके बाद डेढ़गावां-जमानिया बॉर्डर के पास पुलिया के समीप सिद्धार्थ का शव फेंका गया और करीब एक किलोमीटर दूर नहर में सागर का शव फेंक दिया गया। इसके बाद सभी आरोपी वाराणसी की ओर चले गए।

निशानदेही पर हसिया बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सूर्यप्रकाश सिंह की निशानदेही पर डेढ़गावां के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक हसिया बरामद किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच विवेचना के तहत की जा रही है।

इस कार्रवाई में धीना थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, धानापुर थाने के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।