सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के बढ़वलडीह गांव में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में 25 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। गुरुवार देर शाम पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पति को पकड़कर कोतवाली पहुंचाया है।
06
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के बिसौरी गांव निवासी उपेंद्र सिंह की बेटी सौम्या सिंह की शादी 10 फरवरी 2026 को सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बढ़वलडीह गांव में हुई थी। विवाहिता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति दहेज में 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था। वह अपने माता-पिता के कहने पर सौम्या से पिता की जमीन बेचकर रुपये लाने का दबाव बनाता था।

आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी। इस मामले को लेकर करीब तीन महीने पहले पंचायत भी हुई थी। इसके बाद 9 नवंबर को विवाहिता के पिता उसे ससुराल छोड़कर आए थे।

गुरुवार को एक बार फिर 25 लाख रुपये नहीं मिलने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। मारपीट में सौम्या को चोटें आईं। किसी तरह उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मायके पक्ष ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी को कोतवाली ले आई। देर रात विवाहिता के पिता उपेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

इस संबंध में कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि विवाहिता के पिता की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।